आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी में पढ़ाई के लिए किराये पर रह रही छात्राओं की बाथरूम में नहाते समय वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले एक साल से वीडियो बना रहा था। घटना रविवार शाम की है। एक छात्रा नहाने के लिए बाथरूम गई तो उसने देखा कि कोई छत के रोशनदान से मोबाइल कैमरे से वीडियो बना रहा है। उसने शोर मचाकर अन्य लड़कियों के साथ छत पर जाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान हिमांशु राय के रूप में हुई, जो उसी इलाके में माता-पिता के साथ किराये के मकान में रहता है। स्थानीय लोगों ने उसका मोबाइल और लैपटॉप चेक किया, जिसमें पिछले एक साल से कई महिलाओं और छात्राओं के अश्लील वीडियो मिले। इनमें वह लड़कियां भी शामिल थीं, जो अब कमरे छोड़कर जा चुकी हैं। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि हिमांशु राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।