रोहनिया। तीन दिन पूर्व खनाव स्थित रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल के पीछे मिला शव मिर्जामुराद के छतेरी गांव निवासी ताराशंकर बिंद का था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। सोमवार को ताराशंकर के भाई सुनील ने रोहनिया थाने में पहुंचकर शिनाख्त की। सुनील ने पुलिस को बताया कि बड़े भाई कछवां स्थित सब्जी मंडी में पल्लेदारी का काम करते थे।
वह अपनी पत्नी कविता और दो बच्चों के साथ 21 मई को छतेरी स्थित घर से सुबह 10 बजे दर्शन करने शीतला धाम अदलपुरा गए थे। शाम को पत्नी कविता अपने दोनों पुत्रियों के साथ घर आ गई लेकिन ताराशंकर घर नहीं आए। पत्नी ने कहा कि बीच रास्ते में गाड़ी से उतर सब्जी मंडी में काम बताकर चले गए। रात में घर नहीं आने पर काफी खोजबीन की गई लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद 23 मई को मिर्जामुराद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। रोहनिया स्थित एक ढाबे पर शिनाख्त का पोस्टर चस्पा देखा तो हत्या की जानकारी हुई। रोहनिया इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि तीन दिन पूर्व मिले अज्ञात युवक की शिनाख्त ताराशंकर के रूप हो गई है। पता लगाया जा रहा है कि अंतिम बार ताराशंकर किससे बात की और मुलाकात की थी।