मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के मंगलवार को काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया। उनके दर्शन-पूजन को लेकर जद्दोजहद तब शुरू हुई जब वे वहां से जा चुके थे। ज्ञानवापी पुलिस ने उनके साथ मंदिर में गए परिचितों को बुलवाकर पूछताछ की।
जावेद के दर्शन के बाबत लिखित सफाई लेने के बाद पुलिस ने उनको जाने दिया। हेयर स्टाइलिस्ट जावेद लक्सा में एक सलोन के उद्घाटन के लिए आए थे। गौरतलब है कि मंदिर के नियमों के अनुसार परिसर में किसी भी गैर हिंदू धर्मावलंबी के प्रवेश की मनाही है।
दोपहर बाद करीब तीन बजे जावेद हबीब बाबा विश्वनाथ दरबार पहुंचे। रुटीन चेकिंग के बाद छत्ताद्वार से उन्होंने मंदिर में प्रवेश किया। बाबा के दर्शन के बाद अन्नपूर्णा माता के दरबार में मत्था टेक कर हबीब बाहर निकले। जावेद के मंदिर से जाने के कुछ देर बाद ही सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हुए।
दर्शन के इस प्रकरण की सूचना तत्काल एएसपी (ज्ञानवापी सुरक्षा) शशिकांत तिवारी को दी गई। जावेद को साथ लेकर आए दशाश्वमेध के रहने वाले मनोज दुबे को पुलिस ने बुलवाकर पूछताछ की। इसके बाद हबीब के बारे में लिखित प्रार्थनापत्र लेकर उन्हें छोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब का एक और सलोन वाराणसी में मंगलवार को शुरू हुआ।