आरोपी को कोर्ट ने भेजा जेल, सीसी कैमरे, वाहन नंबर और सर्विलांस के जरिये पकड़ा गया
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। सिकरौल के सर्किट हाउस में अधिकारी आवास के पीछे खाली मैदान में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से ट्रैवल एजेंसी के कार चालक ने दुष्कर्म किया था। सीसी कैमरे, वाहन नंबर और सर्विलांस के सहारे कैंट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान अकथा सत्संग नगर कॉलोनी निवासी रामानंद यादव उर्फ राजू के रूप में हुई है।
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि नौ दिसंबर को पहड़िया मंडी के पास से कार चालक रामानंद यादव ने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को अपनी कार में बैठाया और सिकरौल ले गया। दुष्कर्म के बाद फरार हो गया। महिला के चीखने चिल्लाने पर जुटे आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पीड़िता की बड़ी बहन ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया। वाहन नंबर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी टीम में एसआई अभिषेक सिंह, गयासुद्दीन, सचिन मिश्रा, सविंद्र आदि रहे।