फायर ब्रिगेड ने 30 मिनट में बुझाई आग, घटना के समय परिवार से सदस्य गए थे बाहर
विज्ञापन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। अशोक विहार कॉलोनी फेज-1 में राज किशोर सिंह के तीन मंजिला फ्लैट में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय फ्लैट में कोई नहीं था। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग से एसी, टीवी, फ्रिज, पंखे समेत चार लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया। फ्लैट मालिक राज किशोर सिंह के बेटी की नवंबर में शादी है। मूलरूप से चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज गांव निवासी राज किशोर सिंह तीन मंजिला फ्लैट में परिवार के साथ रहते हैं। प्रथम तल पर दूसरा परिवार निवास करता है, जबकि ऊपर के दो तल पर राज किशोर सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह राज घर के बाहर थे। उनकी पत्नी बीएलओ नीलम सिंह ड्यूटी पर चली गई थीं। बेटी नैना अपने बुटीक गई थीं। बेटा अभिषेक सिंह फिजियोथैरेपी का कोर्स सीखने इंस्टिट्यूट गया था। घर में ताला बंद था। 11 बजे फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलती देख पड़ोसियों ने राज किशोर सिंह और दमकल विभाग को फोन कर आग लगने की सूचना दी। दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राज किशोर सिंह ने बताया कि बेटी नैना की शादी के लिए सामान जुटाए जा रहे थें, लेकिन आग से सामान जल गए। थाना प्रभारी जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।
समय पर नहीं पहुंचती फायर ब्रिगेड तो फैल सकती थी आग घटना की सूचना मिलने पर राज किशोर सिंह और उनके परिवार के सदस्य तत्काल घर पहुंचे। जला हुआ सामान देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि घरेलू सामान के साथ शादी की तैयारियों पर असर पड़ा है। लोगों ने बताया कि समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी और आसपास के अन्य फ्लैट भी जद में आ सकते थे। आग का गुबार फ्लैट की खिड़की और दरवाजे से बाहर आ रहा था। फ्लैट की खिड़की पर लगे शीशे भी टूट गए।