मिर्जापुर सीमा पर स्थित कटका रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ा हादसा टला
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के मिर्जापुर सीमा पर स्थित कटका रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। एक निजी स्कूल की बस रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने के बाद बीच रेलवे ट्रैक पर बिगड़ गई।
आनन-फानन बस को खाली करवाकर बच्चों और ग्रामीणों की मदद से पीछे की तरफ धक्का देकर बस को रेलवे लाइन से हटाया गया। तब जाकर लोगों की जान में जान आई।
कछवां बाजार स्थित एक निजी स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने के लिए जाते समय कटका रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे पटरी पर पहुंचकर गियर फंसने से बंद हो गई। बताते हैं कि उस समय बस में तकरीबन 10 बच्चे थे। यह देखकर बस चालक के पसीने छूट गए। गेटमैन भी परेशान हो गया।
संयोग था कि उस समय किसी ट्रेन के आने का वक्त नहीं था। बच्चों को उतारकर धक्का देकर बस को रेल पटरी से दूर किया गया।
बच्चों के अनुसार बस की हालत दयनीय है। बताया जाता है कि पिछले वर्ष इसी बस से महाराजगंज के समीप दुर्घटना हुई थी, जिसमें कई बच्चे घायल हुए थे।
लोगों का कहना था कि हादसों के बाद भी निजी स्कूल प्रबंधन बच्चों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे। उल्लेखनीय है कि गत 25 जुलाई 2016 को कैयरमऊ रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से स्कूल वैन टकराने से आठ बच्चों की मौत हो गई थी।