क्रूज की बुकिंग भी पहले ही फुल
होटलों के साथ गंगा में क्रूज और नावों पर सवार होकर दीपोत्सव देखने के लिए भी पर्यटक बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं। प्रमुख क्रूज की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। लग्जरी क्रूज के विशेष पैकेज साढ़े तीन लाख रुपये तक पहुंच गए हैं।
60 सीटों वाले अलकनंदा क्रूज को एक विदेशी समूह ने पांच लाख रुपये में बुक किया है। वहीं, 100 सीटों वाले सैम मानिकशॉ क्रूज की बुकिंग 15 हजार रुपये प्रति यात्री की दर से हुई है। इस तरह पूरे क्रूज की बुकिंग करीब 15 लाख रुपये में हुई। क्रूज का सफर शाम 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक यानी अधिकतम चार घंटे का होगा।
500 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, इस बार देव दीपावली पर होटल उद्योग, क्रूज, नाव और रेस्टोरेंट सहित पर्यटन से जुड़े कारोबार में 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन क्षेत्र के कारोबारियों को काफी उम्मीदें हैं।
नावों की क्षमता से आधी सवारी बैठाने के निर्देश
देव दीपावली पर गंगा में नावों और बजड़ों की मांग भी बढ़ गई है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नाविकों को नाव की निर्धारित क्षमता से आधी सवारी ही बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। होटल और प्रमुख क्रूज की बुकिंग पूरी होने के बाद अब पर्यटकों के सामने बजड़े और अन्य नावों का विकल्प बचा है।