प्रतापगढ़। बीएचयू में प्रतापगढ़ के युवक में चिकनगुनिया के लक्षण मिले हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुंडा के उचा गांव मुबारकपुर निवासी 32 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र राम नरेश वाराणसी के एक निजी कंपनी में काम करता है। प्रतापगढ़ के सीएमओ डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि उसे चिकनगुनिया हो गया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बीएचयू में भर्ती कराए। जांच में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई। उसका वहीं इलाज चल रहा है। बीएचयू में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. गोपालनाथ के अनुसार, बीएचयू में कई जिलों के सैंपल की जांच होती है। इनकी रिपोर्ट संबंधित जिलों में भेज दी जाती है।
जिला मलेरिया अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि मरीज अभी गांव नहीं आया है। इसके बावजूद टीम भेजकर दवा का छिड़काव करा दिया गया है। टीम ने लोगों के कूलर और फ्रीज के पीछे के हिस्से में लगे पानी के ट्रे और छतों पर जमा कचरे को भी जांचा और जागरूक किया। कहा कि पानी को जमा न होने दें। दूषित ही नहीं साफ पानी में भी मच्छर पनप सकते हैं। संवाद