बनारस के कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक युवक फुट ओवर ब्रिज से ओएचई लाइन पर कूद गया। 10 मिनट अचेत रहने के बाद फिर से हाईवोल्टेज लाइन को पकड़ लिया। इसके चलते वह बुरी तरह से झुलस गया।
आरपीएफ ने उसे गंभीर अवस्था में कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के चलते स्टेशन परिसर में आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
रविवार सुबह लगभग 10:50 बजे लखनऊ-बरेली इंटरसिटी प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंची। 11 बजे के लगभग 25 वर्षीय एक युवक पुराने फुट ओवरब्रिज पर लगी जालियों के बीच से उसपार निकला और रेलिंग पर चढ़कर छह नंबर प्लेटफार्म के समीप पहुंच गया।
आम जनता शोर मचाते हुए उसे बचाने के लिए दौड़ी कि उससे पहले उसने ओएचई पर छलांग लगा दी। ओएचई पर गिरते ही हाईटेंशन के झटके से उक्त युवक बरेली इंटरसिटी ट्रेन की छत पर जा गिरा।
10 मिनट तक अचेत रहने के बाद वह उठा और दोबारा हाईटेंशन तार को हाथ से पकड़ने लगा। इस बार ओएचई के जोरदार झटके से वह काफी दूर, नाले में जा गिरा। आरपीएफ ने युवक को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। युवक अपना नाम व पता नहीं बता पा रहा है।
उधर, फुट ओवरब्रिज के नीचे से जहां ओएचई गुजरती हैं वहां ऊंची जालियां लगाई जाती हैं। रविवार को ओएचई पर कूदा युवक जालियों के बीच के गैप से उस पार निकल गया और तार पर कूद गया। युवक के पुराने पुल से कूदने पर इन सारे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़ा कर दिया है।