जैतपुरा थाना क्षेत्र के ख्वाजापुरा की तंग गली में स्थित जरी के धागा के
तीन मंजिला गोदाम में गुरुवार की रात सात बजे आग लग गई। घनी आबादी वाला
इलाका होने की वजह से आग के विकराल रूप धारण करते ही चौतरफा अफरातफरी मच
गई। सूचना के बाद आग बुझाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियां लगाई गईं। हालांकि
तंग गली में मकान होने के कारण दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए खासी
मेहनत करनी पड़ी। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे आग पर
पूरी तरह से काबू पाया गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया
गया है। संभावना जताई गई है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है। वहीं, आग
के चलते गोदाम के आसपास के तीन अन्य मकानों को भी हजारों रुपये का नुकसान
हुआ है।
काजीसादुल्लापुरा निवासी कलाम अंटीवाले की ख्वाजापुरा में सड़क
पर जरी के धागे की दूकान है। जबकि कुछ ही दूर पर गली में तीन मंजिला मकान
में गोदाम है। गुरुवार की रात सात बजे के लगभग अचानक भूतल स्थित कमरे से
धुंआ उठने लगा। लोग कुछ समझ पाते तब तब आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर
लिया और देखते ही देखते पूरे गोदाम को घेर लिया। आसपास के लोेग अपने घरों
से निकल कर भागे और पूरे इलाके में चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद एक-एक कर
दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। संकरी गली में मकान के होने के कारण
आग को बुझाने में दमकल कर्मियों के पसीने छूट गए। करीब पांच घंटे तक आग
बुझाने का काम चलता रहा। इस दौरान गोदाम के छत की दीवार दरक गई और पास के
सुलेमान, मोइनुद्दीन बाबा, मो. दीन के घरों की पटिया और दीवार भहरा गई। रात
करीब 12 बजे के लगभग आग पूरी तरह से बुझाई जा सकी। घटना के बाद कलाम
अंटीवाले गोदाम से कुछ दूर बेसुध पड़े हुए थे। क्षेत्रीय लोगों का कहना है
कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सही आकलन शुक्रवार को दिन के समय ही हो
पाएगा।