बोगी में गार्ड ब्रेक के ठीक बगल में रखा था सिलेंडर
- फोटो : अमर उजाला
चौरी चौरा एक्सप्रेस में गुरुवार की रात बड़ा हादसा टल गया। कानपुर से गोरखपुर जाने वाली चौरी चौरा एक्सप्रेस में गैस सिलेंडर ले जाया जा रहा था जिससे गैस रिस रही थी। एक यात्री की सूचना और गार्ड की तत्परता पर जब बोरे को खोला गया तो उसमें घरेलू गैस सिलेंडर रखा था।
इसकी सूचना ट्रेन में चल रहे आरपीएफ स्क्वॉड को दी गई और सिलेंडर को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। इस दौरान यात्री सहमे नजर आए।
कैंट रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय रात 12:35 बजे से करीब 1:30 घंटे लेट आई ट्रेन 2:10 पर यहां से छूटी। करीब 2:25 बजे ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची और दो मिनट रुकी। यहां से ट्रेन चली ही थी कि गार्ड ब्रेक के बगल की जनरल बोगी में एक यात्री को गैस की गंध महसूस हुई।
देखा तो एक बोरे में घरेलू गैस सिलेंडर रखा था जिससे गैस लीक हो रही थी। यात्री ने गोरखपुर के गार्ड हाजी एसके हुसैन को इसकी सूचना दी। गार्ड ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रुकवाई।
बोरे में छोटे सिलेंडर के साथ कुछ बर्तन भी रखे थे। कुछ देर तक पूछने के बाद जब किसी ने बताया नहीं कि सामान किसका है, तब गार्ड के कहने पर आरपीएफ जवानों ने उसे सिटी स्टेशन पर उतार लिया।
चौरी चौरा एक्सप्रेस से सिटी स्टेशन पर सिलेंडर को उतारा गया, इसकी जानकारी आरपीएफ को है ही नहीं। सिलेंडर के बारे में पूछे जाने पर सिटी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।