फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर-सुल्तानपुर रेल खंड के श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन में आग लगने से अफरा-तफरी मच मई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
झारखंड के खेलारी से कोयला लादकर एक मालगाड़ी पंजाब के भटिंडा जा रही थी। श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन पर किसी ट्रेन की क्रासिंग के चलते मालगाड़ी को रोक दिया गया था। इसी बीच मालगाड़ी के गार्ड राकेश कुमार वर्मा नीचे उतरकर दोनों तरफ वैगनों की मॉनिटरिंग कर रहे थे कि उन्हें दो वैगनों से धुआं निकलता दिखाई दिया।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर परमेश्वर कुमार और विभागीय उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुला लिया गया। आग वैगन में लदे कोयले की तलहटी में लगी थी इसलिए फायर ब्रिगेड पूरी टंकी चार सौ लीटर खाली करने के बाद भी आग पर काबू नहीं पा सका।
पुन: जौनपुर फायर स्टेशन से दो बड़ी गाड़ियां बुलाई गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गार्ड राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि वाराणसी में मालगाड़ी की ड्यूटी अटेंड करते समय दोनों वैगनों से पानी गिर रहा था।
इससे लगता है कि वाराणसी से पहले भी उक्त वैगनों में आग को देखते हुए बुझाने का प्रयास किया गया था पर आग बुझी नहीं । गार्ड और चालक केशव मिश्र का कहना था कि जब तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो जाता है ट्रेन को बढ़ाना खतरे से खाली नहीं है।
स्टेशन अधीक्षक परमेश्वर कुमार ने कहा कि मालगाड़ी सुबह सात बजकर 41 मिनट पर स्टेशन पर खड़ी हुई। गार्ड की सूचना पर फायर बिग्रेड को बुला कर आग पर काबू पा लिया गया है। गाड़ी स्टेशन पर खड़ी है। उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है।