फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: खेत में टूटे हाईटेंशन तार से पशुपालक की मौत, पावर हाउस पर हंगामा, एसएसओ समेत तीन को पीटा

विज्ञापन
सादात पॉवर हॉउस के पास अंडरपास में चक्काजाम करते मृतक रामसूरत पाल के परिजनों व ग्रामीणों को समझ - फोटो : संवाद
विज्ञापन
सादात। शादियाबाद थाना क्षेत्र के दौलत नगर गांव में खेत में पांच दिनों से टूट कर गिरे जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक पशु पालक की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पावर हाउस पर हंगामा किया। तोड़फोड़ करते हुए ग्रामीणों ने शादियाबाद-बहरियाबाद मार्ग पर दो घंटे जाम कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिजली निगम के एक एसएसओ और उनके दो सहायकों की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम जखनिया और सीओ ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत कराया। हंगामे से सुबह साढ़े 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लापरवाही मिलने पर अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने अवर अभियंता मनोज कुमार पटेल को निलंबित और निविदाकर्मी लाइनमैन राजेंद्र कुमार को बर्खास्त कर दिया है। उधर, मृृतक के भाई की तहरीर पर बिजली कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।दौलतनगर गांव निवासी रामसूरत पाल (50) बुधवार को करीब 11 बजे दिन में खेत में बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान वे टूटकर गिरे जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर से गुजर रहे लोगों ने उन्हें मृत देखा तो परिजनों और बिजली निगम को सूचना दी। रोते बिलखते परिजन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ शव लेकर सादात उपकेंद्र पर पहुंच गए। वहां शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उपकेंद्र का बंद गेट लांघ कर अंदर घुस गए। वहां खड़ी तीन बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। उपकेंद्र के दो दरवाजों के शीशे और एक खिड़की का शीशा तोड़ दिया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने एसएसओ संदीप कुमार, सहायक एसएसओ राकेश यादव और फिरोज खान की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। उपकेंद्र पर तोड़फोड और चक्काजाम की सूचना पाकर मौके पर शादियाबाद और सादात थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने व परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कुछ सुनने को तैयार ही नहीं थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ग्रामीणों ने पांच दिन से टूट कर गिरे तार की शिकायत जेई मनोज पटेल से की थी, लेकिन जेई ने तार की मरम्मत नहीं कराई। जानबूझकर कर की गई इस लापरवाही से रामसूरत की मौत हुई है।
विज्ञापन

शादियाबाद-बहरियाबाद मार्ग पर जाम की सूचना पर जखनिया एसडीएम रविश कुमार गुप्ता और भुड़कुड़ा सीओ सुधाकर पांडेय पहुंचे। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही मृतक के आश्रित को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। उधर उपकेंद्र पर तोड़फोड करने तथा विद्युत कर्मचारियों के घायल होने की सूचना पर ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा, सैदपुर के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार, विद्युत मजदूर पंचायत ट्रांसमिशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुशवाहा भी उपकेंद्र पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली। ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि घायल कर्मचारियों का उपचार कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विरोध से एबुलेंस को लौटना पड़ा -शादियाबाद। पिटाई से एसएसओ संदीप कुमार के सिर से काफी खून बह रहा था। सभी घायल अचेतवस्था में उपकेंद्र के अंदर पड़े थे। इलाज के लिए ले जाने आई एंबुलेंस को भी विरोध के चलते वापस जाना पड़ा। बाद में पुलिस फोर्स ने किसी तरह घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।
विज्ञापन

33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सादात के दौलतनगर में एलटी लाइन टूटने से पशुपालक की करंट से मौत हो गई है। लापरवाही पाए जाने पर अवर अभियंता मनोज कुमार पटेल को निलंबित और निविदाकर्मी लाइनमैन राजेंद्र कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है।-विवेक खन्ना, अधीक्षण अभियंता

मृतक रामसूरत पाल के भाई राम विलास की तहरीर पर बिजली कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।-श्यामजी, थानाध्यक्ष, शादियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें