नो एंट्री में घुसे गिट्टी भरे ट्रक ने बृहस्पतिवार को बीएचयू अस्पताल के छोटे गेट के सामने बाइक सवार मेडिकल ऑफिसर सरजू प्रसाद सिंह (51) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को भीड़ से छुड़ा कर लंका थाने भेजा। साथ ही ट्रक को सीज कर दिया गया है।
मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना के मूल निवासी सरजू प्रसाद चितईपुर क्षेत्र स्थित अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। वह रोजाना बाइक से घर आते-जाते थे। बुधवार रात करीब नौ बजे वह ड्यूटी पर पहुंचे और बृहस्पतिवार सुबह काम से खाली होने के बाद घर के लिए निकले।
बीएचयू अस्पताल के छोटे गेट के सामने पहुंचने पर पीछे से आए गिट्टी लादे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल को आननफानन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी जेब से मिले कागजों के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों और अस्पताल में संपर्क किया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर उनके सहकर्मी भी पहुंचे। लंका थाने की पुलिस के अनुसार ट्रक सीज कर दिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। उधर, स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस की मिलीभगत से नो एंट्री के दौरान भी ट्रकों की आवाजाही धड़ल्ले से जारी रहती है।