वाराणसी। सावन महीने में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक शनिवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक कांवड़ वाहनों को छोड़कर किसी भी अन्य वाहन का संचालन नहीं होगा।
वाराणसी सीमा के गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय और मुडला तिराहा से चांदपुर तक बाईं लेन पूरे सावन माह में केवल कांवड़ वाहनों के लिए सुरक्षित रहेगी। रविवार और सोमवार की रात 11 बजे खुलने वाली नियमित नो-एंट्री भी नहीं खोली जाएगी। हालांकि सब्जी, फल, दूध और एलपीजी गैस ले जाने वाले वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट रहेगी।
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने बताया कि शहर में अंतरजनपदीय और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज और भदोही की ओर से वाराणसी होकर जाने वाली सभी बसों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को आवागमन के लिए रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का उपयोग करना होगा।
रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रयागराज से वाराणसी आने वाले हल्के सवारी वाहन अपनी निर्धारित दाहिनी लेन से कछवां रोड, राजातालाब और मोहनसराय बाईपास होते हुए अमरा-अखरी से नीचे उतरेंगे। इसके बाद वे चितईपुर चौराहा, भिखारीपुर, बीएलडब्ल्यू गेट के सामने से ककरमत्ता ओवरब्रिज के नीचे होते हुए मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन तक आ-जा सकेंगे।
प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाली बसें राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से रखौना ओवरब्रिज होते हुए हरहुआ के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगी। वापसी में भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगी। गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ से गिलट बाजार, शिवपुर चुंगी तिराहा, फुलवरिया और लहरतारा चौराहा होते हुए कैंट बस स्टेशन तक आ-जा सकेंगी। यह व्यवस्था पूरे सावन महीने प्रभावी रहेगी।
हल्के और सार्वजनिक वाहनों के लिए व्यवस्था
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए छह वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें गोलगड्डा तिराहा से लकड़मंडी होते हुए विशेश्वरगंज तथा लहुराबीर से जयसिंह चौराहा होते हुए भिखारीपुर तक के मार्ग शामिल हैं।
वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट क्षेत्र में केवल पैदल यात्रियों को आवाजाही की अनुमति होगी। रविवार रात से मंगलवार सुबह छह बजे तक बेनियाबाग, रामापुरा, खारी कुआं, जंगमबाड़ी, सोनारपुरा, मदनपुरा और गोदौलिया क्षेत्र में केवल पैदल आवागमन की अनुमति रहेगी।
नो व्हीकल जोन
मैदागिन-चौक-गोदौलिया मार्ग प्रतिदिन नो-व्हीकल जोन रहेगा। इसके अलावा गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तथा पीडीआर मॉल-लक्सा से रामापुरा तक का मार्ग भी नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है।