वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ छित्तूपुर में बुधवार की सुबह क्षेत्रीय लोगों ने शराब की दुकान के विरोध में चक्काजाम कर दिया। भीड़ के तेवर देख सेल्समैन दुकान बंद कर भाग निकला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। क्षेत्रीय लोगों ने दुकान बंद कराने के लिए डीआरएम और एसपी ग्रामीण से मुलाकात भी की। अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। बता दें कि मंगलवार को सारनाथ के सोनातालाब में लोगों ने शराब की दुकान के विरोध में हंगामा किया था।
चंदुआ छित्तूपुर स्थित हरिनगर कालोनी में रेलवे के कैंसर अस्पताल के ठीक पीछे मंगलवार को देशी शराब की दुकान खोली गई थी। शाम को ही लोग इसके विरोध में उतर पड़े थे। कुछ देर के लिए धरना भी दिया था। सुबह करीब नौ बजे सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष सड़क पर उतर कर प्रशासन विरोधी नारे लगाने लगे और चंदुआ छित्तूपुर मार्ग जाम कर दिया। उनका कहना था कि शराब की दुकान के पास अस्पताल, दो स्कूल और नंगा बाबा का मंदिर है। ऐसे में यहां दुकान खोलने की अनुमति ही नहीं देनी चाहिए थी। सूचना के बाद सिगरा और भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। मकरन श्रीवास्तव के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोग डीएम और एसएसपी से मिलने गए लेकिन, दोनों अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। पुलिस कार्यालय में एसपी ग्रामीण प्रदीप गुप्ता से मुलाकात हुई। बाद में लोगों ने डीआरएम से भी मुलाकात की। चक्काजाम करने वालों में सुनील अग्रहरि, गोपाल मौर्या, दिलीप, मुन्ना राय, अशोक मौर्या, ओमप्रकाश, गोविंद मौर्या, कस्तूरी, श्यामा देवी, पुष्पा देवी, श्याम देवी राकेश गुप्ता, सोनू मौर्या आदि मौजूद थे।