वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक केके अटल ने शनिवार को मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान मिली तमाम खामियों को दूर करने का निर्देश उन्होंने अधीनस्थों को दिया।
मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन की रीमॉडलिंग में आने वाली रुकावटों के मद्देनजर जायजा लेने आए एनईआर के महाप्रबंधक केके अटल ने सबसे पहले स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय में अधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद वह रिटायरिंग रूम में गए। वहां के शौचालय में जाकर नल खोलकर देखा। महिला प्रतीक्षालय में जंग लगी कुर्सियों को देखकर वह भड़क गए। उन्होंने पुरुष प्रतीक्षालय की कुर्सियों को बदलने का निर्देश दिया। टिकट काउंटर पर लगी कर्मचारियों की नाम पट्टिका पर असंतोष जताया। कहा कि नाम पट्टिका दिखाई देने योग्य होनी चाहिए। वह आरक्षण केंद्र पर पहुंचे। अधिकारी उनको अंदर ले जाना चाहते थे लेकिन वह आरक्षण हाल में जा पहुंचे। वहां लाइन में खड़े दलाल भाग खड़े हुए। हड़कंप मच गया। आरक्षण हाल में काफी भीड़ देख कारण पूछा तो पता चला कि तत्काल टिकट लेने वाले लाइन में खड़े हैं। उन्होंने कुछ यात्रियों का आईडी प्रूफ चेक किया। उन्होंने आरक्षण लिपिकों को निर्देश दिया कि किसी दूसरे व्यक्ति की आईडी पर तत्काल टिकट लेने वाले की आईडी की जांच कराई जाए। वह पार्सल घर का निरीक्षण करने के बाद प्लेटफार्म नंबर दो पर गए जहां दुर्घटना राहत ट्रेन की लाइन खाली न रहने पर स्टेशन अधीक्षक सीपी सिंह को चेताया। जांच में मंडल कार्यालय के उच्चाधिकारी, आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एएन झा, इंस्पेक्टर एमके खान मौजूद थे।