वाराणसी। डीआईजी ए सतीश गणेश द्वारा बुधवार को ली गई वार्षिक मुआयने की परीक्षा में गाजीपुर जिले ने सबसे अधिक अंक पाकर प्रथम स्थान हासिल किया। वाराणसी को द्वितीय एवं जौनपुर को तीसरी रैंक मिली है। सबसे अंक पाने वाली चंदौली की पुलिस का काम-काज फिसड्डी साबित हुआ है।
डीआईजी ने पिछले दिनों रेंज के चारों जिलों वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली की पुलिस लाइन, पत्र व्यवहार और आंकिक शाखा का वार्षिक मुआयना किया था। मुआयना 200 अंक था। इनमें पुलिस लाइन का पूर्णांक 100, पत्र व्यवहार का 60 और आंकिक शाखा का 40 था। इनमें गाजीपुर जिले को क्रमश: 47.5, 39, 27 अंकों के साथ कुल 113.5 नंबर मिले। वहीं, वाराणसी को पुलिस लाइन में 54.5, पत्र व्यवहार में 33.5 और आंकिक शाखा में 23.5 अंक समेत कुल 111.5 नंबर मिले। जौनपुर जिले को क्रमश: 58, 26.5, 22 समेत कुल 106.5 अंक हासिल हुए। वहीं, चंदौली को 30.5, 17, और 14 समेत कुल 61.5 अंक मिले। डीआईजी ने इस मामले में सभी जिलों को अपने कार्य में सुधार करने का निर्देश दिया है।