वाराणसी। रिजर्व बैंक के एक्सपर्ट पुलिसकर्मियों को बैंक में फ्राड पकड़ने का तरीका बताएंगे। इसके लिए 10 फरवरी को पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। केस स्टडी के तौर पर पूर्व की घटनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा।
तीन जिलों के बैंकों को चूना लगाने वाले मिस्टर ए के नाम से चर्चित व्यक्ति ने पुलिस और बैंकों की नींद उड़ा दी है। जेल में रहने के बाद भी वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मिस्टर ए का गिरोह पूर्वांचल के कई जिलों में फैला है। उसके लोग अलग-अलग जिलों में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इन मामलों को डीआईजी ए .सतीश गणेश ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं से निबटने के लिए जरूरी है कि पुलिस के पास भी बारीक जानकारी हो। यही वजह है कि उन्होंने बैंक के आला अधिकारियों संग बैठक के बाद बैंक और पुलिस अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित करने का फैसला किया है। इसमें एक्सपर्ट जाली नोट पकड़ने, जालसाजों को दबोचने का भी तरीका बताएंगे। कार्यशाला में वाराणसी जोन से जुड़े 10 जिलों के एएसपी, सीओ, उप निरीक्षक, सभी जिलों के बैंक अधिकारी भी भाग लेंगे। इस मामले में आईजी को भी अनुरोध पत्र भेजा गया है।