सारनाथ। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा पर इंटेलिजेंस ब्यूरो की सीधी निगाह है। दुनिया के विभिन्न देशों के सैकड़ों श्रद्धालु उनका प्रवचन सुनने के लिए यहां आए हुए हैं। इसमें चीन के श्रद्धालुओं का दल भी शामिल है। उसको लेकर उनकी आंतरिक सुरक्षा, आईबी और एलआईयू की टीम काफी सतर्क है।
परम पावन के प्रवचन की रिपोर्टिगिं करने अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, तिब्बत, कंबोडिया, ताइवान, कोरिया इंडोनेशिया आदि 10 देशों के मीडियाकर्मी सारनाथ में डेरा डाले हुए हैं। विभिन्न देशों के 900 से ज्यादा श्रद्धालु यहां आए हैं। चीन के प्रतिनिधिमंडल में तकरीबन 90 सदस्य हैं। चीन के दल के कारण ही सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद कर दी गई है। आईबी और एलआईयू के अधिकारी लगातार निगाह रखे हुए हैं। दलाई लामा की आंतरिक सुरक्षा भी चौकस है। रोजाना प्रवचन के दौरान वह कुछ लोगों से जरूर मिलते हैं। बुधवार को भी विभिन्न देशों के 30 विशिष्टजनों ने मंच पर जाकर उनसे मुलाकात की। हर किसी को सुरक्षा जांच के बाद ही भीतर जाने दिया गया। प्रवचन स्थल के प्रवेश द्वार पर दो डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। इसके बावजूद हर किसी की चेकिंग की जा रही है। दोपहर में चेकिंग के बाद ही कोरिया के 75 सदस्यीय दल को परम पावन के पास गेस्ट हाउस में दोपहर को मिलने जाने दिया गया। दल के सदस्यों ने गुप्तदान भी किया।