वाराणसी। बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री कैलाशनाथ चौरसिया ने कहा कि वैश्वीकरण के दौर में आगे बढ़ने और चौरसिया समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। तभी अपना हक और अधिकार प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को शिक्षा, व्यवसाय और सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए युवाओं को अहम भूमिका अदा करनी होगी। श्री चौरसिया रविवार को नगर निगम प्रेक्षागृह में चौरसिया समाज बनारस की ओर से आयोजित सम्मेलन एवं परिचय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। सम्मेलन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि बनारस में समाज की अधिकता होते हुए भी समाज अभी राजनीतिक क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। इसके प्रति जागरूकता और एकजुट होना होगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने समाज का नेतृत्व काशी से करने के लिए बनारस के चौरसिया समाज का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह धर्म और संस्कृति की नगरी है, यहां से निकला हर एक संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा। इससे पहले दीप प्रज्ज्वलन हुआ और बच्चों ने गणेश वंदना प्र्रस्तुत की। कानपुर के विनोद कुमार ने शिवस्तुति की। इस मौके पर समाज की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 14 लोगों को सम्मानित भी किया गया। पांच मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। संचालन सुधीर चौरसिया और सुरेश चौरसिया ने किया। अतिथियों का स्वागत जगत किशोर ने किया। धन्यवाद प्रदीप चौरसिया ने दिया। इस अवसर पर रघुनंदन प्रसाद चौरसिया, शैलेश चौरसिया, टीएन चौरसिया, अशोक चौरसिया, शंभूशरण चौरसिया आदि मौजूद थे।