वाराणसी। काशी के जज्बे को सलाम। स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित करने के लिए सुबह दस बजे 52 सेकेंड तक ट्रैफिक का पहिया पूरी तरह ठप हो गया। जो जहां था वहीं सावधान की मुद्रा में खड़े होकर सामूहिक राष्ट्रगान में शामिल हुआ। स्कूली बच्चे भी इसमें भागीदार बने। मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के तहत इस पुनीत अभियान की पहल की थी अमर उजाला ने।
शहर के पांच प्रमुख चौराहों-लहुराबीर, सिगरा, मंडुवाडीह, मलदहिया एवं मिंट हाउस पर अमर उजाला के अभियान के साक्षी बने काशी के नागरिकों ने मानव शृंखला बनाकर ट्रैफिक रोक दिया। इस दौरान सामूहिक राष्ट्रगान शुरू हुआ तो सड़क पर निकले लोग खड़े होकर इसमें भागीदार बन बैठे। तिरंगे के साथ लोगों ने राष्ट्रगान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। मलदहिया चौराहे अमर उजाला परिवार की ओर से भारतरत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। मंडुवाडीह चौराहे पर स्कूली बच्चों ने भी ट्रैफिक रोककर राष्ट्रगान के प्रति सम्मान जाहिर किया। यहां सोनू कुमार, विकास और मो. शकीर ने माइक उपलब्ध कराया और सामूहिक राष्ट्रगान में शामिल हुए। ट्रैफिक पुलिस ने भी इस अभियान में भरपूर सहयोग किया।