वाराणसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इस वर्ष लगभग बीस हजार शहरी गरीबों के लिए हेल्थ स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए बीपीएल सूची के आधार पर कार्डधारकों का सत्यापन पार्षद करेंगे। ग्रामीण इलाकों में यह जिम्मेदारी आशाओं और ग्राम विकास अधिकारियों को दी गई है। कुछ क्षेत्रों में सत्यापन का काम शुरू भी कर दिया गया है। गुरुवार को सीएमओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीपीएल परिवारों की सूची और कार्ड बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
जिले में एक लाख आठ हजार बीपीएल परिवारों के लिए हेल्थ स्मार्ट कार्ड बनाया जाना है। इसमें बीस हजार शहरी तथा शेष ग्रामीण इलाके के गरीब शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2002 की बीपीएल सूची के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। इसमें शहरी क्षेत्र में पार्षदों का सहयोग सेनेट्री सुपरवाइजर करेंगे। इसके अलावा कोटेदाराें से भी मदद ली जाएगी। एसीएमओ डा. बीके सिंह ने बताया कि कुछ जगहाें पर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। एक जून के पहले लाभार्थियाें की सूची जारी कर दी जाएगी। जून में ब्लाकवार कार्ड बनाने का काम किया जाएगा। बता दें कि यह पहला मौका है जब हेल्थ स्मार्ट कार्ड बनाने में पार्षदों की मदद ली जा रही है।