वाराणसी। गंगा तपस्या के 108 दिन पूरे हो गए। तप में माला की पहली आवृत्ति पूर्ण होने पर घाटों पर कीर्तन हुए। दुआख्वानी की गई। गंगा तट पर मगरिब की नमाज अदा की गई। गंगा प्रेमियों ने सांकेतिक उपवास रखा। भावनाओं की चारों तरफ उठती दिखी। जनप्रतिनिधि भी जनता की भावना से खुद को दूर नहीं रख पाए। कांग्रेस के विधायक अजय राय और ललितेश पति त्रिपाठी भी घाटों पर पहुंचे।
गंगा तपस्या की माला के 108 मनके पूरे हो गए। गंगा तट पर 108 स्थानों पर प्रार्थना का आह्वान किया गया था। शाम पांच बजे घाटों पर संस्थाओं के लोग जुटने लगे। कहीं दो, कहीं चार, कहीं दस और कहीं पचास लोगों ने गंगा की अविरलता और निर्मलता की ईश्वर से प्रार्थना की। तपस्या स्थल पर ब्रह्मचारी कृष्णप्रियानंद डटे रहे। केदारघाट पर ग्लोरियस एकेडमी के गिरीश तिवारी के नेतृत्व ढोल मंजीरा बजाकर कीर्तन किया गया। भूमानंद घाट पर प्रधानाचार्य परिषद, सनातन धर्म इंटर कालेज के सदस्यों ने हरेंद्र राय, करपात्री घाट पर पवन ब्रह्मचारी के नेतृत्व में धरना दिया गया। चौकी घाट पर महिलाओं ने दीपदान किया। क्षेत्रेश्वर घाट पर विदेशियों ने भी हर हर गंगे का उद्घोष कर सबका साथ दिया। चेतसिंह घाट पर हवन और दीपदान किया गया। रामघाट पर गंगा सहाय पांडेय, शूलटंकेश्वर पर ऋषि गुप्ता, गढ़वा घाट पर प्रकाशध्यानानंद, सामने घाट पर सोमनाथ ओझा, राजेंद्र प्रसाद घाट पर बनारस बार के श्रीनिवास सिंह, विवेक सिंह संजय मिश्रा, राकेश पांडेय ने धरना दिया। मां गंगा योग आरती मंडल समिति के ध्रुव महाराज ने गंगा आरती की। शंभूनाथ रिसर्च फाउंडेशन की अन्नपूर्णा सिंह, कमला देवी के नेतृत्व में त्रिपुरा भैरवी घाट पर रैली निकाली गई। मणिकर्णिका घाट पर चरण पादुका के समीप बाबा नागनाथ योगेश्वर, ललिता घाट पर काशी गंगा अन्नपूर्णा ट्रस्ट के महंत रामेश्वर पुरी के नेतृत्व में बटुकों ने उपवास रखा और गंगा पूजन किया। बबुआ पांडेय, दरभंगा घाट, मुंशी घाट, अस्सी घाट पर लोगों ने धरना दिया।
गंगा जमुनी मिसाल पेश करते हुए मुसलमान भाइयों ने दुआख्वानी की। भैंसासुर घाट पर कौमी एकता दल के बैनर तले गंगा की अविरलता में बाधक लोगों की बुद्धि-शुद्धि के लिए खुदा से दुआ की और घाट पर ही मगरिब की नमाज अदा की। इम्तियाज बबलू, वली, लाला रामकिशुन, दिलीप गुप्ता, निसार सिद्दीकी, अशरफ, हाजी अलाद्दीन, मुमताज शामिल रहे। रानीघाट पर काशी गौरव के सदस्यों ने श्रीराम चंदर महाराज के सानिध्य में हनुमान चालीसा का पाठ किया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, ज्ञान स्वरूप सानंद, विधायक अजय राय एवं ललितेश पति त्रिपाठी ने बजड़े और घाटों पर घूम कर लोगों का हौसला बढ़ाया। शैलेंद्र सिंह, संजय यादव, सेराज सिद्दीकी, नंदू कन्नौजिया, वागीशदत्त मिश्र, रमेश चोपड़ा, संजय पांडेय साथ रहे।