वाराणसी। देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा लेकर युवाओं ने सेना भर्ती में दौड़ लगाई। सेना में भर्ती होने के युवाओं के जुनून का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूरी रात जागने के बाद भी उनके चेहरे पर तनिक भी थकान नहीं दिखी। सोमवार की सुबह छह बजे जगतपुर कालेज के मैदान पर सेना भर्ती के लिए सोनभद्र के अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू हुई। कुल 3478 ने शारीरिक परीक्षा दी। 321 अभ्यर्थी ही सफल हुए। अन्य शारीरिक परीक्षाओं में इनमें से 111 और छंट गए। इस तरह 210 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा पास कर मेडिकल के लिए क्वालीफाई किया।
हजारों की संख्या में जुटले वाले अभ्यर्थी हंगामा खड़ा कर व्यवस्था में रुकावट न पैदा करें, इसे ध्यान में रखकर ही कैंट से लेकर जगतपुर तक फोर्स की तैनाती की गई थी। भर्ती स्थल पर भी सुरक्षा के खास इंतजाम थे। भर्ती के लिए रविवार की देर रात दो बजे ही बलिरामपुर में अभ्यर्थियों की लंबी कतार लग गई थी। करीब साढ़े तीन बजे अभ्यर्थियों में टोकन का वितरण शुरू किया गया। सुबह छह बजे दौैड़ शुरू हुई। दौड़ पास करने वाले 321 अभ्यर्थियों को अन्य शारीरिक परीक्षाओं के लिए कालेज के अंदर लाया गया। असफल अभ्यर्थियों को मैदान से बाहर निकलते ही सिटी बसों में बैठाकर टेंगरा मोड़ भेजा जा रहा था। यहां से उन्हें सोनभद्र रवाना कर दिया गया। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल विनीत प्रभात ने बताया कि 210 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा पास की है। मंगलवार को उनका मेडिकल कराया जाएगा।
000
चंदौली के अभ्यर्थियों ने किया हंगामा
वाराणसी। सेना भर्ती के दूसरे दिन मंगलवार को चंदौली जिले की भर्ती है। भर्ती के लिए सोमवार की शाम से ही अभ्यर्थी वाराणसी पहुंचने लगे और हंगामा शुरू कर दिया। कैंट रोडवेज बस अड्डे पहुंचे अभ्यर्थियों ने बसों की छत पर कब्जा जमा लिया। निजी बस चालकों और आटो चालकों से मारपीट भी की। काफी देर तक कैंट तिराहे पर अफरातफरी का आलम रहा। मंगलवार की सुबह छह बजे से बलिरामपुर में टोकन का वितरण शुरू हो जाएगा। चंदौली के बाद 19 नवंबर को मऊ, 20 को भदोही, 21 को आजमगढ़, 22 को देवरिया और 23, 24 नवंबर को वाराणसी जिले के युवकों की भर्ती होगी।
000
लंबाई बढ़ाने के लिए फोड़ लिया सिर
वाराणसी। सोनभद्र निवासी लाल बिहारी के पुत्र धर्मजीत ने दौड़ परीक्षा पास कर ली। इसके बाद उसकी लंबाई मापी जाने लगी। इस दौरान एक सैन्यकर्मी ने उसके सिर को छुआ तो उसके सिर के बीच का हिस्सा फूला हुआ लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर धर्मजीत ने बताया कि उसकी लंबाई मानक से कम है। इसे बढ़ाने के लिए उसने सिर में चोट लगा ली थी। सैन्य अधिकारियों ने उसे भर्ती से बाहर कर दिया।
00
पहले टैटू तो अब लंबाई में छंटा
वाराणसी। एक साल पूर्व हुई सेना भर्ती परीक्षा में हाथ पर टैटू (गोदना) की वजह से भर्ती से बाहर किए गए युवक ने सोमवार को दौड़ परीक्षा पास कर ली लेकिन इस बार लंबाई कम होने की वजह से उसे बाहर कर दिया गया। सोनभद्र मारकुंडी निवासी राकेश यादव एक साल पूर्व गाजीपुर में हुई सेना भर्ती में भी शामिल हुआ था। तब उसने दौड़, ऊंची कूद, बिम आदि शारीरिक परीक्षाएं पास कर ली थीं। लेकिन हाथ पर टैटू होने की वजह से उसे बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उसने हार नहीं मानी। उसने प्रैक्टिस जारी रखी और हाथ का टैटू भी हटवा दिया। सोमवार को जगतपुर में हुई भर्ती में उसने एक बार फिर दौड़ परीक्षा पार कर ली। लेकिन इस बार लंबाई कम होने की वजह से उसे बाहर कर दिया गया।
000
रोडवेज ने बढ़ा दिया किराया
वाराणसी। सेना भर्ती की वजह से पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। मोहनसराय से चांदपुर तक बसों समेत भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध है। इसकी वजह से सोमवार को मोहनसराय और चांदपुर में जाम लगा रहा। वहीं दूसरी ओर वाराणसी से इलाहाबाद जाने वाली बसों को डायवर्जन की वजह से आठ किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ी। इस वजह से यात्रियों से सात रुपये अधिक किराया वसूला गया। इसे लेकर यात्रियों और परिचालकों में कहासुनी भी हुई।