वाराणसी। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दिवस पर रविवार को जहां जिले भर में बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई वहीं चौबेपुर और उगापुर में दो बूथ निरीक्षण में बंद पाए गए। इसकी वजह से कई लोगों को लौटना पड़ा।
जिले के प्राथमिक विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों में लगे बूथों पर बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की खुराक पिलाई गई। बच्चों में टाफियां, खिलौने बांटे गए। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक लोग स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों के साथ पहुंचते रहे। चौबेपुर प्रतिनिधि के अनुसार अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरआर राय ने चिरईगांव और चोलापुर ब्लाक स्थित पोलियो बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान शाम करीब 3:10 बजे चौबेपुर और 3:20 बजे उगापुर में स्थित बूथ बंद मिला। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी सीएमओ को दे दी गई है। जल्द ही लिखित रिपोर्ट भी दे दी जाएगी। उधर, नवापुरा गांव में 12 नवंबर को दिन में टीकाकरण के बाद शाम को पांच माह की बच्ची की मौत हो गई थी। इस वजह से गांव के लोगों ने बच्चों को पोलियोरोधी ड्राप पिलाने से इनकार कर दिया। वहां बच्चों को खुराक पिलाने पहुंची टीम को लौटना पड़ा। सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम प्रधान समेत अन्य लोगों से बात की। इसके बाद लोग बच्चों को ड्राप पिलाने के लिए तैयार हुए।