वाराणसी। शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में सोमवार को प्रमुख अधीक्षक ने ईसीजी कक्ष का ताला तुड़वाकर नए टेक्नीशियन गौरव राय को जिम्मेदारी सौंपी। यहां एक सप्ताह से टेक्नीशियन राजेश श्रीवास्तव के चंदौली जिले में स्थानांतरण के बाद से ही ताला बंद था।
अस्पताल में वाराणसी और आसपास के जिलों से हर दिन करीब 25-30 मरीज ईसीजी के लिए आते हैं। यहां ताला बंद होने की वजह से उन्हें बिना जांच के ही घर लौटना पड़ रहा था। टेक्नीशियन राजेश ने चंदौली स्थानांतरण के बाद न किसी को सामानों की सूची दी और न ही कमरे की चाबी सौंपी। ताला लगवाकर चले गए। इसकी जानकारी तब हुई जब सोमवार को करीब दस बजे कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे गौरव राय को बाहर खड़ा रहना पड़ा। कुछ देर तक इंतजार के बाद जब चाबी नहीं मिली तब प्रमुख अधीक्षक डा. शरद चंद्र मिश्र ने दो चिकित्सकों को ताला तुड़वाकर कार्यभार दिलाने को कहा। प्रमुख अधीक्षक ने बताया कि सामानों की सूची तैयार कराने के बाद चिकित्सकों के समक्ष नए टेक्नीशियन को कार्यभार ग्रहण कराया गया।