वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र स्थित राम जानकी धाम कालोनी, लक्ष्मणपुर में नियमों को ताक पर रख कर बनाया जा रहा बहुमंजिला व्यावसायिक भवन का निर्माण कार्य जिलाधिकारी प्रांजल यादव के निर्देश पर शुक्रवार को रोका गया। मामले को लेकर कालोनी के लोगों ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी।
रामजानकी धाम कालोनी के निवासी प्रदीप कुमार सिंह, रमेश सिंह, शंभू, मदन व मुन्ना आदि लोगों ने जिलाधिकारी से गुरुवार को शिकायत की थी कि आवासीय कालोनी में अवैध रूप से बहुमंजिला व्यावसायिक भवन का निर्माण एक दबंग व्यक्ति द्वारा कराया जा रहा है। वीडीए के अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम प्रांजल यादव ने वीडीए के सचिव को अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस पर सचिव ने जोनल अधिकारी डीके सिंह को मौके पर जाकर काम रोकने को कहा। इसके बाद जोनल अधिकारी शिवपुर पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में निर्माण कार्य होते पाया गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।