वाराणसी। कांग्रेस और भाजपा में चल रहे चुनावी तीरों के बीच सोमवार को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने सोनिया, कांग्रेस और सपा-बसपा को निशाने पर रखा। नरिया स्थित रामनाथ चौधरी शोध संस्थान परिसर में रात्रि नौ बजे सभा के दौरान नितिन ने सोनिया को ललकारा कि उनमें हिम्मत हो तो वह अपने दामाद राबर्ट वाड्रा को निर्दोष बताएं। अगर वाड्र निर्दोष हैं तो फिर वह उनके बचाव में कुछ क्यों नहीं बोल पा रही हैं। सीबीआई को कांग्रेस ब्यूरो आफ इन्वेस्टीगेशन बताते हुए गडकरी ने कहा कि सोनिया गांधी सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से वाड्रा पर लगे आरोपों की जांच कराएं।
गडकरी ने कहा कि यूपीए गठबंधन की सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में विश्व रिकार्ड बनाया है। कांग्रेस पर निशाना साधा कि 60 साल तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस की चौथी पीढ़ी भी देश में गरीबी हटाने का नारा बुलंद कर रही है और जनता की बदहाली दूर नहीं हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए की सरकार बनेगी तो छह महीने में 25 फीसदी महंगाई कम हो जाएगी और भारत सुखी समृद्ध, शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विकसित होगा। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए गठबंधन की सरकार ने देश में सिर्फ जनरेटर, इन्वर्टर और मोमबत्ती के धंधे को बढ़ावा दिया। एशिया में सर्वाधिक कोल उत्पादन के बाद 20 मिलियन डालर का कोयला आयात हो रहा है। धान की भूसी से बिजली तैयार हो सकती है लेकिन बिजली नहीं है। गैस की किल्लत पैदा हो गई है। देश धनवान है, लेकिन जनता गरीब है। केंद्र की सरकार ने दिवाला निकालकर रख दिया है। गडकरी ने राहुल और प्रियंका पर निशाना साधा कि साठ साल में कांग्रेस अमेठी-रायबरेली को नहीं सुधार सकी तो देश क्या सुधारेंगी।
इनसेट
इलेक्ट्रिक इंजन से बचाएंगे डीजल
गडकरी ने बचत का फार्मूला सुझाते हुए कहा कि रेलवे डीजल के मद में बड़ा खर्च करती है। वाराणसी में डीजल रेल इंजन कारखाना है। हमारी सरकार आई तो हम इलेक्ट्रिक इंजन तैयार करेंगे। इससे डीजल बचेगा। देश बर्बादी के कगार पर खड़ा है तो इसका कारण है गलत आर्थिक नीतियां और अदूरदर्शी नेतृत्व। यह चुनाव देश को बचाने के सवाल पर हो रहा है। महंगाई, भ्रष्टाचार का ओलंपिक होगा तो सोनिया, मनमोहन को गोल्ड मेडल मिलेगा। 2-जी से लेकर कामनवेल्थ, कोलगेट तक कैग की रिपोर्ट में 488000 करोड़ रुपये का घोटाला उजागर हो चुका है। सोनिया को चिंता है राहुल की और मुलायम को अखिलेश की।
इनसेट
गडकरी के आगे भाजपा का कुनबा बढ़ा
वाराणसी। नितिन गडकरी की मौजूदगी में रामनाथ चौधरी शोध संस्थान के इंद्रभूषण सिंह, बसपा के गोविंद पाल समेत सौ से अधिक लोग भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर सुनील देवधर, विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, देवानंद सिंह, सोमनाथ ओझा, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, पार्षद साधना वेदांती, राजेंद्र गांधी, जिलाध्यक्ष गौतम सिंह आजाद आदि उपस्थित थे।
इनसेट
जनता हो गई मगन वो तो....
वाराणसी। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने गडकरी की सभा में कहा कि नरेंद्र मोदी आशा की ज्योति लेकर आए हैं। देश को भरोसा हो गया है कि अब तरक्की और सुधार की नई रोशनी मिलेगी। इस मौके पर उन्होंने अपने प्रसिद्ध भजन ऐसी लागी लगन... के बोल पर जनता हो गई मगन वो तो गली गली मोदी मोदी गाने लगी... सुनाकर तालियां बटोरीं।