वाराणसी। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार की व्यवस्था चुस्त करने के लिए शुक्रवार को हुई बैठक में नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई। चुनाव की अलग-अलग व्यवस्था के लिए प्रमुखों के नाम घोषित किए गए। सभी व्यवस्था प्रमुखों को हिदायत दी गई कि वे अपनी-अपनी टीमें गठित कर चुनाव अभियान को गति देने में जुट जाएं।
सिगरा स्थित पार्टी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय स्वास्तिक सेवाश्रम में हुई व्यवस्था प्रमुखों की बैठक में नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद दामोदर दास मोदी भी पहुंचे थे। वाराणसी संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी अशोक धवन ने यहां कार्यकर्ताओं को इस सीट की अहमियत बताई। कहा कि नरेंद्र मोदी भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार घोषित हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ एक सांसद चुनने का ही नहीं, देश के लिए बेहतर नेतृत्व का चुनाव करने का है। इसलिए जिम्मेदारियां बांट कर प्रचार अभियान को तेज करने में जुट जाएं। मोदी की लहर को वोट में तब्दील करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। बताया गया कि महानगर महिला मोर्चा की ओर से हर बूथ पर पांच-पांच महिलाओं की तैनाती की योजना बनाई गई है ताकि महिलाओं को मतदान के लिए घरों से निकाला जा सके। इस मौके पर टीएस जोशी, डॉ. बेचन जायसवाल, हर्षपाल कपूर, कैलाश केशरी, सुधीर मिश्रा, चंद्र प्रकाश यादव, रविशंकर सिंह, राम गोपाल वर्मा, उत्तम ओझा, आरती सिंह, डॉ.रचना अग्रवाल, रुक्मिणी धवन समेत तमाम पार्टीजन उपस्थित थे।
इनसेट
चुनाव के लिए बने 18 विभाग
वाराणसी। लोकसभा चुनाव प्रचार को गति प्रदान करने के लिए 18 विभाग बनाकर व्यवस्था प्रमुखों के नाम तय किए गए। सुधीर मिश्र चुनाव कार्यालय प्रमुख और नवरतन राठी मीडिया प्रमुख बनाए गए हैं।
चुनाव प्रभारी अशोक धवन की ओर से जारी सूची के अनुसार जनसभा का प्रबंधन डॉ. राकेश त्रिवेदी देखेंगे और नुक्कड़ सभाओं का जिम्मा शंकर गिरि पर होगा। प्रशासनिक कामकाज राधेमोहन त्रिपाठी देखेंगे। साहित्य लेखन डॉ. बेचन जायसवाल और प्रचार सामग्री वितरित कराने का काम रामगोपाल वर्मा देखेंगे। चुनाव आयोग से जुड़े कामों के लिए विद्या सागर राय, आचार संहिता एवं कानूनी सहायता के लिए एडवोकेट नीलकंठ तिवारी, आईटी सेल-रूपेश श्रीवास्तव, सोसल मीडिया-गिरीश सिंह के जिम्मे है। इसी तरह यातायात व्यवस्था नागेंद्र सिंह रघुवंशी, भोजन व्यवस्था- अशोक यादव, महिला समिति -निर्मला सिंह पटेल, प्रचार रथ-हंसराज विश्वकर्मा, आटो प्रचार-डॉ. हरि केशरी, साहित्य प्रकाशन-विजय मित्तल और स्वागत समिति की जिम्मेदारी देवानंद सिंह को सौंपी गई।