वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के बकरिया कुंड के पास हो रहे निर्माण को लेकर मंगलवार को अलग-अलग समुदाय से जुड़े दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष का कहना था कि वह जहां निर्माण करा रहा है वह जमीन उसने रजिस्ट्री कराई है। वहीं बकरिया कुंड समिति के पदाधिकारी का कहना है कि कुंड की जमीन पर निर्माण हो रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया है।
बकरिया कुंड के पास ही एक व्यक्ति ने एक कमरा बना रखा है। मंगलवार को वह पास में ही एक और कमरा बनवाने लगा। बकरिया कुंड समिति से जुड़े लोग विरोध करते हुए मौके पर पहुंच गए। लोगों का आरोप था कि सार्वजनिक जमीन पर मकान बनवाया जा रहा है, जो गलत है। कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उनका कहना था कि जमीन पर उनका मालिकाना हक है। इसी बीच किसी ने पुलिस को सौ नंबर पर सूचना दे दी। पुलिस ने काम बंद कराते हुए दोनों पक्षों को कागजात के साथ थाने पर बुलाया। जैतपुरा थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों से कागजात मांगे गए हैं। बुधवार को संबंधित लेखपाल को भी बुलाया गया है।