वाराणसी। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालाजी एंड मैनेजमेंट, पहडि़या के टेक्नो कल्चरल फेस्ट ‘अभ्युदय 2014’ का दूसरा दिन खेलों के नाम रहा। मंगलवार को सिविल ग्लैडीएटर्स और बीटी र्स्टन के बीच क्रिकेट का फाइनल मैच खेला गया। इसमें सिविल ग्लैडीएटर्स की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा रस्साकशी, बैडमिंटन, दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भी खिलाडि़यों ने श्रेष्ठता साबित की।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिविल ग्लैडीएटर्स की टीम ने छह विकेट खोकर 37 रन बनाए। जवाब में उतरी बीटी की टीम महज 27 रन ही बना सकी। सिविल के खिलाड़ी नीतेश ने दो ओवर में एक रन देकर दो विकेट झटके। उधर, सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नीरज को मैन आफ द सीरीज का खिताब दिया गया। रस्साकसी में भी सिविल ग्लैडीएटर्स की टीम विजयी रही। बालक वर्ग में बैडमिंटन के डबल मुकाबले में अरविंद कुशवाहा और दीपक मौर्य की जोड़ी ने मुकुल यादव और नीतेश वर्मा की जोड़ी को हरा दिया।
बालिका वर्ग के सिंगल मुकाबले में शिवांगी मिश्र ने प्रियंका यादव को हराया। 100 मीटर रेस के बालक वर्ग में नीलेश यादव प्रथम, अब्दुल वसी, अभिषेक संयुक्त रुप से द्वितीय और बृजेश बनारसी तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में नीलू कुमारी को पहला, अर्पणा को दूसरा और नीतू कुमार को तीसरा स्थान मिला। कैरम में निखिल विजेता रहे जबकि रजनीश को हार का सामना करना पड़ा। शतरंज में राजकुमार राय ने गौरव प्रताप को मात दी। 28 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।