वाराणसी। सीवर की समस्या से त्रस्त शिवाला क्षेत्र के नागरिकों का गुस्सा बुधवार को उबाल खा गया। रत्नाकर पार्क के पास सुबह आठ बजे ही धरने पर बैठ गए। मौके पर आए जलकल सचिव एसपी श्रीवास्तव को बंधक बना लिया और समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़ गए। नागरिकों के समर्थन में विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव भी पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों के कड़े रुख को देखते हुए सचिव ने विभागीय अभियंताओं को मौके पर बुलाकर तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। कार्य शुरू होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सचिव को मुक्त करने के साथ ही धरना समाप्त कर दिया।
शिवाला क्षेत्र के नागरिक पिछले तीन साल से सीवर की समस्या से परेशान हैं। रोजाना सुबह-शाम सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों-सड़कों पर कहीं कदम रखने की जगह नहीं बचती। लोग गंदे पानी से होकर जाने को विवश होते हैं। इसके समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर नगर निगम और जलकल के अधिकारियों तक फरियाद लगाते थके स्थानीय बाशिंदे बुधवार की सुबह सड़क पर उतर आए। सुबह आठ बजे ही क्षेत्र स्थित रत्नाकर पार्क के पास धरने पर बैठ गए। 10 बजे के करीब प्रदर्शनकारियों ने जलकल सचिव एसपी श्रीवास्तव को मोबाइल पर बात कर मौके पर बुलाया। जैसे ही सचिव मौके पर पहुंचे, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें बंधक बना लिया। चेतावनी दी कि जब तक सीवर की समस्या का निराकरण नहीं होगा, सचिव को नहीं छोड़ा जाएगा। इस बीच, विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव भी वहां पहुंचकर धरने में शामिल हो गईं। प्रदर्शनकारियों के कड़े रुख को देखते हुए जलकल सचिव ने मौके पर अभियंताओं को बुलाया और उनसे समस्या के संबंध में जानकारी ली। फिर कर्मचारियों को बुलवाकर सीवर की पाइप बदले जाने का कार्य तत्काल शुरू कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी नरम पड़े और सचिव को मुक्त करने के साथ ही धरना समाप्त कर दिया। धरने में सौरभ श्रीवास्तव, बहादुर चौरसिया, शरद यादव, दिनेश गुप्ता, राजीव यादव, रवींद्र सिंह समेत सैकड़ों नागरिक शामिल थे।
कोट
---
क्षेत्र में 20 फीट दूरी तक सीवर की पाइप सही नहीं डाली गई है। इसके चलते शिवाला में रोजाना सुबह-शाम सीवर ओवरफ्लो की समस्या पैदा होती है। क्षेत्र में सीवर की पाइप बदलवाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। - एसपी श्रीवास्तव, सचिव, जलकल
इन इलाकों में है सीवर की समस्या
वाराणसी (ब्यूरो)। शिवाला ही नहीं, शहर के कई और इलाके हैं जहां सीवर की समस्या से लोग परेशान हैं। वजह, एक तो सीवर पाइप लाइन कई दशक पुरानी है, दूसरे समुचित सफाई और मरम्मत का अभाव भी एक बड़ा कारण बन गया है। आदमपुर, कज्जाकपुरा, आजाद पार्क, मछोदरी, विशेश्वरगंज, मध्यमेश्वर, जैतपुरा, बड़ी बाजार, ईश्वरगंगी, लेबर कालोनी, कमलगड़हा, बड़ी गैबी, रामापुरा, शिवाला, रेवड़ी तालाब, रानीपुर, तुलसीपुर, सामने घाट, नगवां, सुंदरपुर, चितईपुर, छित्तूपुर, निराला नगर, महमूरगंज, रथयात्रा, लक्सा, औरंगाबाद, सोनिया, लल्लापुरा, बेनियाबाग, नई सड़क आदि इलाकों में सीवर की समस्या अधिक है।
---------------------------------------------------
डाफी-लंका मार्ग के लिए नाराज लोगों ने लगाया जाम
डीएम ने हफ्ते भर में सड़क की मरम्मत का दिया निर्देश
संवाददाता
वाराणसी। टूटकर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील डाफी-लंका मार्ग की मरम्मत न होने और सीवर की समस्या से नाराज लोगों ने बुधवार को रास्ता जामकर नारेबाजी की। धरना भी दिया। जानकारी मिलने के बाद डीएम ने हफ्ते भर के भीतर सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
क्षतिग्रस्त हो चुके डाफी-लंका मार्ग को भगवान भरोसे छोड़े जाने से नाराज ग्रामीणों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। कांग्रेस नेता सुरेश सिंह के नेतृत्व में दिन के करीब 10 बजे डाफी में सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था व्यस्ततम मार्ग होने के बावजूद इसकी सुध नहीं ली जा रही है। सीवर की समस्या का भी समाधान नहीं कराया जा रहा है। सीवर का पानी सड़क पर भरा रहता है। धरना स्थल पर कुछ लोगों ने रोहनिया की विधायक अनुप्रिया पटेल का पुतला जलाकर भी नाराजगी जाहिर की। जाम लगाने वालों में संदीप सिंह, राजेश यादव, त्रिभुवन सिंह, विवेक यादव, अवनीश पांडेय, आकाश शर्मा, आनंद, संतोष, कमलेश यादव समेत अन्य लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारियों को जब पता चला कि डीएम सीर आएं हैं तब वे वहां भी पहुंच गए। डीएम ने भरोसा दिलाया कि सीर से पांच सौ मीटर तक सड़क की मरम्मत हफ्ते भर में करा दी जाएगी।
-----------------------------------------------
नगर आयुक्त से मिला जागो बनारस का प्रतिनिधिमंडल
सीवर, सफाई और सड़क से जुड़ीं समस्याएं उठाईं
वाराणसी। नगर में सीवर-सफाई और सड़क से जुड़ी समस्याओं को लेकर जागो बनारस का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नगर आयुक्त से मिला और उन्हें समस्याओं से जुड़ी फोटोग्राफ और ज्ञापन सौंपा। हाइकोर्ट में दायर जनहित याचिका का भी जिक्र किया।
जागो बनारस के संयोजक दीपक मधोक ने कहा कि आखिर शहर में बुनियादी सुविधाएं कब तक दुरुस्त होंगी। बताया कि समुचित साफ-सफाई न होने से गलियों से सड़कों तक हालात बदतर हो गए हैं। सीवर और सड़क से जुड़ी समस्याएं भी बताईं। नगर आयुक्त ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मसले पर नागरिकों के साथ जल्द ही एक बैठक होगी। यह भी बताया कि एटूजेड द्वारा कूड़े का निस्तारण शुरू करने के साथ सफाई व्यवस्था सुधर जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में सुदामा तिवारी, अल्पना राय चौधरी, रामयश मिश्र, मेजर एसआर सिंह, संदीप दास गुप्ता, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल थे।