चौबेपुर। बहादुरपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में मंगलवार की सुबह प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने हंगामा कर दिया। हंगामा होता देख चिकित्सक अस्पताल बंद कर भाग निकला। इस मामले में सीएमओ ने घटना की जांच करने का निर्देश दिया है।
मनदेवा निवासी विजयी राम की पत्नी रीता देवी को सोमवार की रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। पति ने उसे बहादुरपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में आपरेशन के बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। रीता की मौत के बाद परिवार के लोग हंगामा करने लगे। इस बीच डाक्टर के करीबियों ने शव बाहर निकालकर अस्पताल बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जानकारी मिलने पर सीएमओ डा. एमपी चौरसिया ने घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी प्राथमिक तौर पर यह जानकारी हासिल करेंगे कि आपरेशन करने वाला डाक्टर झोला छाप तो नहीं था।