रामेश्वर। बढ़ती आतंकी घटनाएं और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति राष्ट्र को कमजोर बना रही हैं। ऐसे में युवा सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रीय एकता एवं सांप्रदायिक सद्भाव को बनाने का कार्य करें। साथ ही मतदाताओं को जागरूक बनाएं। ये बातें जिला युवा समन्वयक एके चतुर्वेदी ने कहीं। वह नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में नेहरू युवा क्लब रामेश्वर की ओर से बीआर पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में आयोजित ‘राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव एवं मतदाता जागरूकता’ संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
बीआर पब्लिक जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य मन्नूलाल गुप्ता और संरक्षक कन्हैयालाल पथिक ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र का निर्माण करना होगा। रविंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि युवा ही देश को दिशा दे सकते हैं। इससे पहले छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, एकांकी और झांकी की प्रस्तुति की। साक्षर भारत अभियान की ओर से अजीत मिश्र, सुखनंदन गांधी, उदल प्रसाद, रामलाल मौर्य, छाया मिश्रा, कुसुम, योगेंद्र, प्रमिला, संगीता, देवेंद्र अजीत सिंह ने समाज की ज्वलंत समस्याओं पर प्रकाश डाला।