झांसी। मंगलवार को गुरु नानक खालसा इंटर कालेज में शुरू हुई 59 वीं प्रादेशिक भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्नैच व क्लीन एंड जर्क मुकाबले में सर्वाधिक 155 किलोग्राम भार उठाकर जूनियर बालक वर्ग (50 किलोग्राम वर्ग भार) में इलाहाबाद के धर्मेंद्र ने अन्य सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया, जबकि वाराणसी के विशाल यादव ने 145 किलोग्राम उठा कर दूसरा तथा इसी मंडल के नीरज कुमार ने 125 किलोग्राम वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि प्रदेश के बारह मंडल झांसी, गोरखपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, सहारनपुर, मेरठ, वाराणसी व इलाहाबाद के 159 खिलाड़ी (बालक/ बालिका) इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीडीओ अशोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डा. राजेंद्र प्रसाद कन्या इंटर कालेज, पंडित केसी शर्मा कन्या इंटर कालेज, लक्ष्मी व्यायाम मंदिर कन्या इंटर कालेज, लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कालेज व विवेकानंद हाईस्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।