वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के बुलानाला स्थित जनरल स्टोर की एक दुकान से चोरों ने नगदी समेत चार लाख का माल उड़ा दिया। चोर खिड़की की ग्रिल चांड़कर अंदर घुसे थे। उधर, आदमपुर में भी दो दुकानों में सेंधमारी की गई।
दुर्गाकुंड निवासी पंकज अग्रवाल की बुलानाला में जनरल स्टोर की दुकान है। वहां आयुर्वेदिक दवाएं भी बिकती हैं। शनिवार की रात पंकज दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार की सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि खिड़की की ग्रिल चांड़ी हुई थी। अंदर का पूरा सामान बिखरा था। कैश बाक्स में रखे सवा दो लाख रुपये, 40 चांदी के सिक्के और दस सोने के सिक्के चोरी बताए गए हैं। मौके पर फिंगर प्रिंट और डाग स्क्वाड की टीम पहुंची, पर चोरों का सुराग नहीं लग सका। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश राय का कहना है कि जिस खिड़की से चोर के घुसने की बात कही जा रही है वहां से किसी युवक का घुसना संभव नहीं है। दुकान मालिक कैश बाक्स में सवा दो लाख रुपये रखने की वजह भी नहीं बता पाए। मौके पर पुलिस के साथ ही बीमा कंपनी के लोगों को भी बुला लिया गया था। उधर, आदमपुर के जलालीपुरा में चोर अतासुरहमान की पेंट की दुकान में सेंधमारी कर नगदी समेत पांच हजार का माल समेट ले गए। पास में ही वकास की दुकान में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास किया गया।