वाराणसी। चेतगंज में 2010 में हुए सड़क जाम प्रकरण के चश्मदीद गवाह ने अपने पक्ष में हलफनामा दाखिल करने के लिए धमकी देकर दबाव बनाने और मारपीट करने के आरोप में विधायक अजय राय, पार्षद संजय सिंह डाक्टर समेत नौ के खिलाफ अदालत में वाद दाखिल किया है। एसीजेएम नवम की अदालत ने इस मामले में एसएचओ चेतगंज से आख्या तलब करते हुए सुनवाई की तिथि 15 जुलाई नियत की है।
बंगाली बाड़ा कोतवाली निवासी राकेश तिवारी ने अधिवक्ता अमरेंद्र विक्रम सिंह के माध्यम से कोर्ट में दाखिल वाद में कहा है कि वह बीते 13 जून की रात साढ़े नौ बजे हथुआ मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खाकर निकला। उसी दौरान महामंडल नगर स्थित निवास पर खड़े आरोपी विधायक अजय राय ने अपने लोगों से जबरन पकड़वाकर आवास में ले गए। अंदर पटक कर मार डालने की धमकी दी और मुंह में पिस्टल डालकर 2010 में दर्ज कराए गए मुकदमे में अपने पक्ष में हलफनामा दाखिल करने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद मारपीट कर आवास से बाहर कर दिया गया। याचिका में विधायक के अलावा विजय, मटरू राय, कतवारू चौहान, पिंटू राठौर, संजय राव, पार्षद संजय सिंह डाक्टर के अलावा दो अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। प्रकरण के मुताबिक, एक होटल मालिक के साथ मारपीट व लूट के मामले में चेतगंज पुलिस ने पार्षद संजय सिंह डाक्टर को गिरफ्तार किया था। पार्षद को छुड़ाने के लिए सड़क जाम किया गया था। इस मामले में पुलिस ने राकेश तिवारी की तहरीर पर विधायक के करीबियों पर मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले में 10 जुलाई को कोर्ट में सुनवाई के दौरान अपने पक्ष में शपथपत्र दाखिल करने के लिए विधायक पर प्रताडि़त करने का आरोप है।