वाराणसी। रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने शुक्रवार को मां गंगा से चुनाव में जीत और महिलाओं की सुरक्षा का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि कें द्र व प्रदेश सरकार सरकार गूंगी और बहरी है। महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वालों के राज में जब महिला विधायक पर कई बार हमले होते हैं तो आम महिलाओं की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा पूजन के बाद उन्होंने कहा कि सरकार तो सुनती नहीं है, इसलिए मां गंगा की शरण में आना पड़ा। इस सरकार में विधायक सुरक्षित नहीं हैं, जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, प्रदेश की कानून व्यवस्था का हाल बताने के लिए इतना काफी है। इन हालात में कोई भी महिला राजनीति में आने से पहले सौ बार सोचेगी। उन्होंने कहा कि देश की संसद में जब महिलाओं की भागीदारी ज्यादा होगी, तभी बदलाव आएगा। हमारी पार्टी संसद में 33 फीसदी महिला आरक्षण की बात कर रही है और हम इसे करके दिखाएंगे। इस दौरान उनके साथ महिला कांग्रेस की महासचिव शमीना शफीक, प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी, जिला अध्यक्ष गोरखपुर शेहला अहरारी, प्रतिभा अटल, पंखुड़ी पाठक आदि मौजूद रहीं।