फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अक्षय तृतीया पर बाजार गुलजार, कारोबार होगा 500 करोड़ के पार

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। अक्षय फल देने वाला अक्षय तृतीया का पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। विशेष मुहूर्त होने के चलते इस दिन स्वर्ण आभूषण की खरीदारी भी की जाती है। इसके साथ ही मांगलिक कार्य भी किए जाते हैं। इस दिन स्नान, दान व किसी भी प्रकार का पुण्य करना लाभकारी माना गया है। इस बार 300 करोड़ के आभूषण कारोबार की संभावना है। वहीं रीयल इस्टेट बाजार को भी 200 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
विज्ञापन

भारतीय कालगणना के अनुसार चार स्वयं सिद्ध अभिजित मुहूर्त माने गए हैं। इसमें चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, अक्षय तृतीया, दशहरा और दीपावली के पूर्व की प्रदोष तिथि हैं। ये चार दिन सामाजिक पर्व का दिन है। इस दिन कोई दूसरा मुहूर्त न देखकर स्वयंसिद्ध अभिजित शुभ मुहूर्त के कारण विवाहोत्सव आदि मांगलिक कार्य संपन्न किए जाते हैं।
ज्योतिषाचार्य पं. गणेश प्रसाद मिश्र ने बताया कि वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को ही अक्षय तृतीया कहते हैं। चारों युगों में से त्रेतायुग का आरंभ अक्षय तृतीया से हुआ था। इस वर्ष 6 मई को तृतीया तिथि रात्रि 3 बजकर 23 मिनट से लगकर 7 मई की रात्रि 2 बजकर 20 मिनट तक रहेगी। इसलिए 7 मई को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन भक्तों के द्वारा किए हुए पुण्यकार्य, त्याग, दान दक्षिणा, जप तप, हवन, गंगा स्नान आदि कार्य अक्षय की गिनती में आ जाते हैं।
विज्ञापन

अक्षय तृतीया शादियों, मुंडन, गृह प्रवेश सभी कार्यों के लिए शुभ माना गया है। इसलिए उस दिन सभी होटल, लॉन और बैंड बाजा बुक हो चुके हैं। यहां तक की इस दिन यज्ञोपवीत कार्यक्रम के भी आयोजन हो रहे हैं।
अक्षय तृतीया ने सराफा कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। इस बार अधिक खरीदारी की उम्मीद है। लुभावने आफर और एडवांस बुकिंग को देखते हुए कारोबारियों ने जमकर तैयारी की है। कहीं गोल्ड ज्वेलरी के मेकिंग चार्ज पर 25 से 50 प्रतिशत तक का डिस्काउंट मिल रहा है तो कहीं डायमंड की ज्वेलरी पर मकिंग चार्ज पर 100 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। गोल्ड ज्वेलरी की खरीदारी पर उतने ही वेट का चांदी भी फ्री का ऑफर है। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार समिति के महामंत्री किशोर सेठ ने बताया कि अक्षय तृतीया से पहले थोक का कारोबार ही 200 से 250 करोड़ तक का हुआ है। ऐसे में 300 करोड़ तक का रिटेल कारोबार की संभावना जताई जा रही है।
अक्षय तृतीया मुहूर्त में खरीदारी करना शुभ मना गया है। ऐसे में लोग जमीन की खरीदारी को भी शुभ मानते हैं। रियल इस्टेट मार्केट में जोरदार खरीदारी के अनुमान को लेकर बिल्डर्स ने भी अपनी तैयारियां कर ली है। इस बार 200 करोड़ से अधिक की खरीदारी का अनुमान लगाया जा रहा है। बिल्डर्स एवं डेवलेपर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया ने बताया कि इस बार खरीदारी अधिक होने की पूरी संभावना है। इसलिए कार्यालयों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है।
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन, ब्राह्मण विकास समिति, केंद्रीय ब्राह्मण महासभा और ब्राह्मण एकता परिषद द्वारा संयुक्त रूप से भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाएगी। प्रात: 6 बजे रथ यात्रा चौराहा से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रात: 8.30 बजे से धर्मसंघ में ही एक सभा का आयोजन किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें