वाराणसी। दुष्कर्म के आरोपी घोसी लोकसभा के सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी अतुल राय का रविवार को भी पता नहीं लगा। आशंका जताई गई है कि अतुल नई दिल्ली में छुपा हुआ है। अतुल की तलाश में बनारस के अलावा मऊ, गाजीपुर और बलिया में पुलिस की छापेमारी जारी है लेकिन सुराग नहीं लगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार अतुल के अधिवक्ता सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में फौरी तौर पर राहत दिए जाने के लिए याचिका दाखिल कर सकते हैं।
यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा और बलिया जिले की रहने वाली युवती की तहरीर पर एक मई की रात लंका थाने में अतुल राय के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण को लेकर लंका पुलिस के प्रार्थना पत्र पर अदालत ने अतुल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस की तीन टीमों ने अतुल की तलाश में पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में छापेमारी करने के साथ ही उसके करीबियों से पूछताछ की लेकिन चार दिन बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका। वहीं, प्रकरण मऊ सदर विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी से जुड़ा होने के कारण एसटीएफ भी अतुल की तलाश में लग गई है। इसके बावजूद अतुल को गिरफ्तार कर पाने में सफलता नहीं मिल पाई है।