वाराणसी। नव मतदाता युवा सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया। कहा, काशी में जन्मी रानी लक्ष्मीबाई ने महज 26 साल की उम्र में अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। श्रीराम, कृष्ण, महाराणा प्रताप, शिवाजी, भगत सिंह, चंद्रशेखर, अशफाक उल्ला खां जैसे महापुरुषों की लंबी शृंखला है जिन्होंने अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में देश के भाग्य विधाता युवा होंगे। देश में उत्तर प्रदेश सबसे युवा राज्य है। युवा किसी के पिछलग्गू न बनें बल्कि व्यवस्था निर्माण करें। युवा होना ही अपने आप में प्रतिभा है और इसका लाभ समाज व राष्ट्र को मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की। उन योजनाओं की वजह से देश के युवाओं का आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ा है।
युवा वर्ग अलगाववादियों, नक्सलवादियों और आतंकवादियों की बातें करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे। दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस दौरान मंच पर कबीना मंत्री आशुतोष टंडन, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक रवींद्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव व सुरेंद्र नारायण सिंह और एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, केदारनाथ सिंह व चेतनारायण सिंह, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने कहा था-जैश से डर नहीं लगता
आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राजदूत से कहा था कि उन्हें जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठन से नहीं, भारत के हिंदू संगठनों से डर लगता है। देश के बहुसंख्यक सहिष्णु समाज और दुनिया में सदियों से अपनी सभ्यता और संस्कार के लिए पहचाने जाने वाले लोगों को कांग्रेस ने आतंकवादी कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत काल में द्रोपदी के चीरहरण के दौरान उन्होंने पूछा था कि दोषी कौन है। अंधे धृतराष्ट्र की सभा में बैठे सभी लोग चुप रहे। अकेले विदुर ने कहा था कि चीरहरण करने वालों के साथ ही उसे देखने वाले और चुप्पी साधे लोग भी उतने ही दोषी हैं। इसलिए गलत होते न देखें और न ऐसा माहौल बनने दें।
लूटने वालों की पीढ़ी कर रही गंगा का आचमन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आए प्रवासियों से उन्होंने देश और काशी में पांच साल में हुए परिवर्तन के बारे में पूछा था। एक प्रवासी भारतीय ने कहा था कि जिन्होंने गंगा के नाम पर लूट-खसोट की थी। एक दिन ऐसा आएगा कि उनकी पीढ़ी गंगा में आचमन करेगी। दो महीने बाद ही कांग्रेस की महासचिव ने प्रयागराज में गंगा का आचमन करते देखी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या, धर्म, कला और संस्कृति की नगरी काशी का सर्वांगीण विकास बीते पांच साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। दुनिया में कहीं भी प्रधानमंत्री का मान बढ़ता है तो काशी का भी गौरव बढ़ता है। इसलिए काशी के युवा संकल्पित हो जाएं कि उन्हें इस बार दोगुने उत्साह से मतदान करना है।