मिर्जामुराद । थानाक्षेत्र के खजुरी (साधू कुटिया) स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार की सुबह टेंपो सवार महिला के हाथ से बाइक सवार बदमाश बैग छीन कर भाग निकले। बैग में 70 हजार रुपये और मोबाइल आदि था। टेंपो चालक भुक्तभोगी महिला को पुलिस चौकी खजुरी के बजाय राजातालाब बाजार में उतारकर भाग निकला। इसके बाद महिला मिर्जामुराद थाने पहुंची और घटना की लिखित तहरीर दी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदला दी है।
बताया जाता है कि मिर्जामुराद निवासी राजेंद्र चौहान का कछवारोड सब्जीमंडी में थोक सब्जी की दुकान है जिसका संचालन उसकी पत्नी लक्खो देवी करती हैं। लक्खो देवी मिर्चा खरीदने के लिए अपने घर मिर्जामुराद से राजातालाब सब्जी मंडी जाने के लिए टैंपो पर बैठ गई। मात्र एक ही सवारी बैठा कर चालक चल दिया। खजुरी ओवरब्रिज पर सुनसान देख बाइक सवार दो बदमाशों ने टेंपो को ओवरटेक कर रुकवा लिया और महिला से झोला छीन कर भाग निकले। टेंपो चालक भुक्तभोगी महिला को राजातालाब ले जाकर छोड़ दिया। लक्खो देवी का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर में लिखवाया कि रुपये से भरा झोला टेंपू में छूट गया। इस बात की क्षेत्र में काफी चर्चा रही। लोगों का कहना है कि एक मात्र बैठी सवारी को लेकर टेंपो चालक खजुरी बाजार से न होकर ओवरब्रिज से क्यों गया। इससे चालक की भी भूमिका संदिग्ध लग रही है।