वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को शहर के 46 स्कूल और कॉलेजों में ठहराया जाएगा। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों की सूची तैयार की जा रही हैं। वहीं, प्रवासी भारतीयों के ठहराने के मद्देनजर उत्कृष्ट सुविधाओें वाले 61 होटलों को चिह्नित कर उनके कर्मचारियों का सत्यापन कराने का काम अंतिम दौर में है।
उधर, ऐढ़े स्थित टेंट सिटी, बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल और स्टेडियम की रोजाना एंटी सबोटॉज चेकिंग कराई जा रही है। इसके लिए अग्निशमन विभाग की एक-एक यूनिट तीनों आयोजन स्थल पर तैनात की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, पीएसी और सीपीएमएफ के कितने जवान तैनात किए जाएंगे, इसका खाका आगामी 10 जनवरी तक खींच लिया जाएगा। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और इसके लिए ठोस कार्ययोजना बना कर काम किया जा रहा है।