वाराणसी। पचास साल पहले जिस कॉलेज में पढ़ाई की थी, उसी कॉलेज में दोबारा पहुंचकर छात्र-छात्रा बहुत खुश थे। यहां उन्होंने कक्षाओं, खेल मैदान आदि को देखा और लंबे समय बाद मिले दोस्तों से कॉलेज के दिनों की यादों को साझा किया। मौका था गोपी राधा प्राइमरी स्कूल और गर्ल्स इंटर कॉलेज रवींद्रपुरी में पुरातन छात्र-छात्रा सम्मेलन का। यहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच जहां पुरातन छात्रों का स्वागत किया गया वहीं इन छात्रों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
कॉलेज में आयोजित सम्मेलन में वर्ष 1964 से लेकर 2015 तक के छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया था। कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं ने सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। इस दौरान वर्तमान में बीएचयू में फ्रेंच विभाग के प्रोफेसर हो चुके पुरातन छात्र डॉ. प्रयास चतुर्वेदी ने कविता पाठ के माध्यम से अपनी भावना व्यक्त की तो प्रयागराज में सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त कर चुकी डॉ. रश्मि ने गायन के माध्यम से अपनी खुशियों का इजहार किया।
मुंबई से आईं ख्यात शास्त्रीय गायिका आर रंजना ने भजनों की प्रस्तुति कर सभी का ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान बी. राजलक्ष्मी, डॉ. उर्मिला श्रीवास्तव , विभा सिंह, विभा अग्रवाल, पुष्पा दुबे आदि सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत डॉ. सपना भूषण, संचालन ज्योत्सना मिश्रा, ऋचा बर्मन, धन्यवाद ज्ञापन वैशाली जोशी ने किया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक मनोज कुमार शाह, निदेशिका डॉ. शालिनी शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रीना सिंह, सहायक निदेशिका सलोनी शाह, शेष नारायण केसरवानी आदि मौजूद रही।