वाराणसी। ट्राई के एमआरपी नियम का विरोध कर रहे केबल ऑपरेटरों ने पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को उनके आवास पर अपना पत्रक सौंपा। इसके बाद एक बैठक कर, 29 दिसंबर से पूरे देश में लागू होने वाले काले कानून पर चर्चा की। अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि अभी तक आम जन मानस को फ्री टू एयर के चैनल देखने के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता था लेकिन नये नियम के बाद जनता को मनोरंजन के लिए 130 रुपये जीएसटी जोड़कर लगभग 155 रुपये अदा करना पड़ेगा।
वक्ताआें ने कहा कि उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि पसंदीदा चैनल देखने की आजादी होगी और जो चैनल देखेंगे उसी के पैसे देने होंगे। दरअसल सभी केबिल उपभोक्ताओं को फ्री टू एयर का चैनल देखना अनिवार्य है जिसकी कीमत 155 रुपये होता है। इसके बाद पे चैनल का औसत निकाला जाए तो यदि एक उपभोक्ता 20 पे चेनल देखना चाहता है तो उसकी कीमत लगभग 450 रुपये होगी। दोनों को जोड़ा जाए तो करीब 605रुपये अदा करने पड़ेंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जन विरोधी काले कानून के लिए संसद में आवाज उठाने के साथ ही जरूरत पड़ी तो आंदोलन करेगी। बैठक में राम कुमार सिंह, बबलू, शिव शक्ति, राजन मिश्रा, मोहन बदलानी, हरे राम रंजन, आत्मा गुरु, विजय गुप्ता, संदीप पंड्या आदि लोग उपस्थित रहे।