वाराणसी। उत्तर प्रदेश का खेल निदेशालय पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान पद्मश्री मुहम्मद शाहिद की स्मृति में हर वर्ष अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता वाराणसी में आयोजित करेगा। शनिवार को उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने सिगरा स्टेडियम में संवाददाताओं को बताया कि यह प्रतियोगिता 24 से 31 जनवरी तक बड़ा लालपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल के हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेली जाएगी। इसमें देश की 12 सर्वोच्च टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें पीएनबी, इंडियन ऑयल, एयर फोर्स आदि की टीमें शिरकत करेंगी। विजेता टीम को दो लाख, उपविजेता टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार स्वरूप मिलेंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। डॉ. सिंह ने बताया कि जल्दी ही डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल को उच्च स्तरीय बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ताकि किसी भी टीम को मैच खेलने में दिक्कत का सामना न करना पड़े। लीग कम नाक आउट आधार पर खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता में पूर्वांचल के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इस कारण पूर्वांचल एकादश को भी प्रवेश दिया गया है। इस टीम में पूर्वांचल के सभी जनपदों के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। हॉकी वाराणसी को पूर्वांचल एकादश को बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही डॉ. सिंह ने बड़ा लालपुर स्थित हॉकी स्टेडियम का दौरा किया और व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
49 राजपत्रित पदों पर नियुक्त होंगे खिलाड़ी
वाराणसी। प्रदेश के 49 राजपत्रित पदों पर खिलाड़ियों को नियुक्त किया जाएगा। एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम आदि में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। 11 विभागों के 49 पदों को इसके लिए आरक्षित किया गया है। डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि आरएसओ के नौ खाली पदों को भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से ही भरा जाएगा।
000000000
कुश्ती चैंपियनशिप के लिए पहलवानों का हुआ वजन
वाराणसी। वाराणसी कुश्ती संघ की ओर से वाराणसी जिला सीनियर पुरुष तथा महिला कुश्ती चैंपियनशिप 2018-19 के अंतर्गत जिला स्तर के पहलवानों का वजन किया गया। बाबतपुर स्थित बनारस इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन(वीआईटीई) के परिसर में शनिवार को ग्रीको रोमन तथा फ्री स्टाइल कुश्ती के सभी भारवर्ग में पुरुष वर्ग में 137 तथा महिला वर्ग में 27 पहलवानों ने वजन कराया। इस प्रतियोगिता में 10 ग्रीको गोल्डमेडलिस्ट और 10 फ्रीस्टाइल गोल्डमेडलिस्ट व 10 महिला गोल्डमेडिलिस्ट वाराणसी जिले की तरफ से गोरखपुर में 15 से 18 नवंबर तक आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 11 नवंबर को सुबह 11 बजे पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह करेंगे।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता आज
वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता रविवार को सुबह सात बजे से शुरू होगी। इसके लिए शनिवार को वाराणसी एथलेटिक्स एसोसिएशन संघ की वार्षिक आम बैठक राम विलास सिंह की अध्यक्षता में सिगरा स्टेडियम में हुई। बैठक में सर्वप्रथम नवंबर 2017 से लेकर नवंबर 2018 तक विभिन्न आयु वर्ग में प्रादेशिक तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। जनपदीय नेशनल चैंपियनशिप के लिए आयोजित होने वाली अंडर-14 और अंडर-16 बालक, बालिका प्रतियोगिता के लिए विभिन्न समितियों का गठन हुआ। चैंपियनशिप के उद्घाटन और समापन पर भी चर्चा हुई।