वाराणसी। काजीसादुल्लाहपुरा की शहाना बीबी की तहरीर पर गुरुवार को जैतपुरा थाने में उसके पति कच्चीबाग निवासी मुमताज के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत शहाना बीबी ने एसएसपी से की थी। शहाना का आरोप है कि मायके से वो पति की मांग पर रुपये न ला सकी तो उसने कागज के टुकड़े पर तलाक, तलाक, तलाक लिख कर थमा दिया।
शहाना बीबी के अनुसार उसका निकाह फरवरी 2017 में मुमताज से हुआ था। निकाह के बाद से ही मायके से रुपये लाने का ससुराल में दबाव बनाया जाता था और आए दिन मारपीट की जाती थी। मांग पूरी न होेने 23 सितंबर को सादे कागज पर उससे दस्तखत कराकर ससुराल वालों ने उसे घर से भगा दिया। शहाना के पिता समीउल्लाह ने इस संबंध में मुमताज सेे बातचीत की तो वो घर आया और कागज पर उर्दू में तीन तलाक लिख कर थमा दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर जैतपुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।