राजातालाब/सेवापुरी। तहसील राजातालाब पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मंगलवार को न होने के कारण बुधवार को आयोजित किया गया था। यहां पर कुल 192 मामले आए जिसमें मात्र एक मामले का मौके पर निस्तारण हो पाया। एडीएम व उपजिलाधिकारी राजातालाब ने शिकायतें सुनीं। इसमें कपरफोरवा गांव के निवासी के अनिल कुमार दुबे ने शौचालय निर्माण में धांधली व उनके गांव के मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में आइजीआरएस पर गलत रिपोर्ट लगाए जाने को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी पर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
हिंदू युवा वाहिनी आराजी लाइन के ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश बबलू ने राजातालाब चौकी इंचार्ज पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। तहसील में ही कनकपुर के एक दर्जन से अधिक लोगों ने आवास की मांग की। साथ अपात्रों को आवास देने की शिकायत की। सरिता वर्मा, लक्ष्मीना, नंदू वर्मा, राजकुमार वर्मा, दिनेश यादव, पप्पू ने बताया कि उन्हें आवास की सख्त जरूरत है पर पात्र होने के बावजूद आवास नहीं मिल रहे हैं। ज्यादातर शिकायतें भूमि पर कब्जा, शौचालय, हैंडपंप, आवास की आईं। जगतपुर गांव के निवासी छोटेलाल ने बताया कि शौचालय निर्माण के पांच महीने बाद भी धनराशि नहीं मिली। आरोप लगाया कि दो हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।