वाराणसी। चौकाघाट फ्लाईओवर का निर्माण वाई शेप में कराने के लिए इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। लहरतारा-चौकाघाट के बीच निर्माण पूरा होने के बाद कैंट तिराहे से इंग्लिशिया लाइन होते हुए इसका एक सिरा विद्यापीठ गेट नंबर एक तक ले जाया जाएगा। इस कारण अब इसकी लागत 77 करोड़ रुपये से बढ़कर 129 करोड़ रुपये हो गई है। फ्लाईओवर का वाई शेप में निर्माण होने से न सिर्फ कैंट-रोडवेज, अंधरापुल बल्कि इंग्लिशिया लाइन तिराहे पर अक्सर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।
फ्लाईओवर हादसे के बाद सुरक्षा-संरक्षा के पहलुओं पर विशेषज्ञों से रायशुमारी के साथ ही अब शासन और सेतु निगम की तैयारियां बचे हुए निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूरा करने की हैं। दरअसल, पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान जब इस फ्लाईओवर के विस्तार की कार्ययोजना तैयार की जा रही थी तो उस समय ही इसे वाई शेप में बनाने का प्रस्ताव लाया गया था लेकिन तब विस्तार की तो मंजूरी मिल गई थी लेकिन वाई शेप में निर्माण का इस्टीमेट तैयार नहीं हो पाया था।
सेतु निगम के महाप्रबंधक एके श्रीवास्तव ने कहा कि वाई शेप में फ्लाईओवर निर्माण की डिजाइन सेतु निगम ने पहले ही बनाई थी। अब इसकी कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि इसके पहले रोडवेज कैंट से कैंसर हास्पिटल तक फ्लाईओवर का विस्तारीकरण पूरा कराया जाएगा। उसके बाद कैंट तिराहे से काशी विद्यापीठ की ओर फ्लाईओवर के तीसरे सिरे का निर्माण शुरू कराया जाएगा।